उ.प्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सहारनपुर से लोकसभा सांसद इमरान मसूद के एक बयान से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए दिवाली और प्रदूषण दोनों को मानव जनित रोग बना दिया है। दिवाली पौराणिक प्रसंगों से जुड़ा त्यौहार है । केवल सनातन धर्मी हिन्दू ही नहीं अपितु जैन और सिख समुदाय में भी दिवाली धार्मिक कारणों से मनाई जाती है। सबसे बड़ी बात ये है कि यह त्यौहार भारतीय अर्थव्यवस्था से गहराई से जुड़ा होने से साधारण व्यक्ति से लेकर बड़े उद्योगपतियों तक को प्रभावित करता है। ऐसे में केवल प्रदूषण के कारण उसे मानव जनित रोग बता देना मानसिक दिवालियेपन के साथ ही बहुसंख्यक हिन्दू समाज की धार्मिक आस्था का मखौल उड़ाने का दुस्साहस भी है। इसे संयोग कहें या सुनियोजित रणनीति कि इमरान के आपत्तिजनक बयान के पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दीपावली को खुशियों की ईद बताकर अपनी पार्टी के लिए मुसीबत खड़ी कर दी थी। स्मरणीय है श्री खरगे के बेटे ने तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री स्टालिन के पुत्र द्वारा दिये सनातन धर्म को डेंगू और मलेरिया बताते हुए उसे नष्ट करने वाले बयान का समर्थन कर खुद को हिन्दू विरोधियों के साथ खड़ा कर लिया था। लेकिन खरगे जी ने उस बयान का समर्थन करने पर अपने साहेबजादे को डांटने - फटकारने की जरूरत तक नहीं समझी। उस घटना से ये स्पष्ट हो गया था कि श्री खरगे और उनके परिवार के मन में हिंदुओं के प्रति किस तरह की जहरीली भावना है। ताजा प्रमाण श्री खरगे द्वारा दिवाली को ईद बताया जाना है। लगता है उम्र का असर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर होने लगा है जिसके चलते वे ऐसी बातें बोलकर अपनी पार्टी के लिए मुसीबत उत्पन्न करते रहते हैं। कुछ समय पहले मोदी का बाप भी जाएगा वाला भाषण देकर भी वे अपनी फजीहत करवा चुके हैं। लेकिन इमरान मसूद की उम्र इतनी नहीं हुई कि वे अपने शब्दों पर नियंत्रण न रख पाएं। ऐसे में लगता है विधान सभा चुनाव के कुछ माह पहले उ.प्र में कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बना दिये जाने से वे बौरा गए हैं। वरना दिवाली को मानवजनित रोग बताकर कांग्रेस के लिए गड्ढा खोदने की मूर्खता नहीं करते। वैसे वे पहले भी इस तरह की बकवास करते हुए कांग्रेस की जड़ों में मठा डालने की मूर्खता करते रहे हैं। इनमें सर्वाधिक विवादित 2014 में दिया गया उनका वह बयान है जिसमें उन्होंने मार्च 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान देवबंद (सहारनपुर) की जनसभा में नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए बोटी-बोटी काटने की धमकी दी थी। उस सभा का वीडियो काफी वायरल हुआ था और उन पर आचार संहिता उल्लंघन, धार्मिक भावनाएं भड़काने (धारा 153A, 295A आदि) और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। सहारनपुर की विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट द्वारा उक्त मामले में उनके खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप भी तय किये जा चुके हैं। उनके ताजा बयान ने भाजपा को सुनहरा मौका दे दिया जिसने इसे हिन्दू आस्था और सनातन धर्म का अपमान बताते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता लगातार हिन्दू त्योहारों पर इस तरह की बयानबाजी करते हैं। इमरान मसूद द्वारा दिवाली को मानव जनित रोग और श्री खरगे द्वारा खुशियों की ईद बताया जाना उ.प्र के विधानसभा चुनाव में मुस्लिम मतदाताओं को कांग्रेस के खेमे में वापस खींचने का दांव हो सकता है । लेकिन इसका दुष्प्रभाव हिन्दू जनमानस पर हुए बिना नहीं रहेगा। इस तरह के बेवकूफी भरे बयानों की वजह से ही कांग्रेस उ.प्र में अस्तित्वहीन हो चुकी है। उसके पास 403 सीटों पर लड़ने की क्षमता नहीं होने से वह सामाजवादी पार्टी से 150 सीटें मांग रही है लेकिन अखिलेश यादव उसे भाव नहीं दे रहे। ऊपर से उसके प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाकर पार्टी की मिट्टी पलीत करने में जुटे हैं।
- रवीन्द्र वाजपेयी
No comments:
Post a Comment