इन दिनों पूरी दुनिया ए.आई को लेकर उत्साहित है। कृत्रिम बौद्धिकता के इस मानव निर्मित अवतार के आगमन ने समूचे ज्ञान - विज्ञान की दिशा बदल दी है। एक तरफ तो इसे तकनीक का चरमोत्कर्ष माना जा रहा है वहीं दूसरी तरफ इसके निर्माता ही इसे मानवता के लिए बड़ा खतरा मान रहे हैं। विज्ञान वरदान है या अभिशाप जैसी बहस इस वजह से और भी प्रासंगिक हो गई है। दरअसल तकनीक का विकास उतनी बड़ी समस्या नहीं है जितनी उस पर पूरी तरह निर्भर हो जाना । अर्थात उसके गुलाम हो जाना क्योंकि इसके चलते हमारी अपनी जीवनचर्या हमारे नियंत्रण से बाहर होती जा रही है। इसके दो ताजा उदाहरण दुनिया भर में तकनीक के बादशाह माने जाने वाले अमेरिका में देखने मिले। पहली घटना गत गुरुवार को अमेरिकी टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की कई सेवाएं अचानक ठप होने के रूप में सामने आईं। इस तकनीकी गड़बड़ी का सबसे ज्यादा असर कंपनी की ईमेल सेवा पर पड़ा। असंख्य उपयोगकर्ताओं को माइक्रोसॉफ्ट के दूसरे एप इस्तेमाल करने में भी परेशानी हुई। दुनिया भर के लाखों लोगों ने शिकायत की कि उनके एप ठीक से काम नहीं कर रहे थे। यह शिकायतों का सर्वोच्च स्तर था। कुछ लोग अपने ईमेल खाते तक नहीं पहुंच पा रहे थे । बड़ी संख्या में लोग ईमेल भेजने और प्राप्त करने में भी असमर्थ थे। हालांकि, खराबी दूर करने के कंपनी के दावे के बाद भी कुछ उपयोगकर्ताओं ने इंटरनेट से जुड़ी शिकायतें जारी रखीं। यानी परेशानी पूरी तरह खत्म नहीं हुई थी। इस समस्या से उत्पन्न चिंताएं कम होतीं उसके पहले ही गत दिवस अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल की संचार प्रणाली में खराबी आने के कारण विमानों की आवाजाही ठप हो गई ।पूरे देश में विमान उड़ान नहीं भर सके और हवाई अड्डों पर उनकी कतारें लग गईं। पूरे अमेरिका में हजारों उड़ानें रद्द होने से 10 लाख से ज्यादा यात्री प्रभावित हुए हैं। गत दिवस वहाँ के तमाम हवाई अड्डों पर यात्री फंस जाने के कारण बुरी तरह से बेहाल दिखे। इस घटना से 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमले (9/11) के बाद दूसरी बार पूरे अमेरिका में हवाई आपातकाल के हालात बने हैं जिसमें सभी उड़ानें रोकी गईं । स्मरणीय है जनवरी 2023 में भी अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन, (FAA) के मुख्य कंप्यूटर सिस्टम में खराबी के कारण ऐसा हुआ था। कल हुई संचार प्रणाली में खराबी के चलते सुरक्षा कारणों से देश भर के हवाई अड्डों पर उड़ानें रद्द करनी पडीं। हालांकि इस खराबी को दूर करने के प्रयास युद्धस्तर पर जारी हैं और जल्द स्थिति पर काबू पा लिया जाएगा किंतु दुनिया भर से अमेरिका आने जाने वाली उड़ानें जिस बुरी तरह प्रभावित हुईं उसे देखते हुए सामान्य हालात लौटने में लम्बा समय लग सकता है। उक्त दोनों हादसे उस देश में घटित हुए जो धरती के गर्भ से अंतरिक्ष की अनंत दूरी नापने में सक्षम है। पृथ्वी से लाखों मील दूर निर्जन ग्रहों पर मानव बस्तियाँ बसाने की सोच पालने वाले इस देश में दुनिया के सबसे बड़े वैज्ञानिक, इंजीनियर और शोध कर्ता मौजूद हैं । लेकिन उसके बाद भी तकनीकी गड़बड़ी के कारण सब कुछ ठप होने जैसी घटनाओं को नहीं रोका जा सका। इन घटनाओं के परिप्रेक्ष्य में ये बात स्पष्ट हो गई है कि तकनीक के निरंतर विकास के बावजूद इंसान की क्षमताएं सीमित ही हैं और रहेंगी। और ये भी कि विज्ञान के जरिये प्राप्त सुख - सुविधाओं के प्रति पूरी तरह आश्वस्त होना भारी भूल होगी। आज समूचा विश्व संचार क्रांति से निर्मित व्यवस्था के अधीन हो चुका है। यदि कुछ घंटों के लिए इंटरनेट बन्द हो जाए या अंतरिक्ष में मंडरा रहे उपग्रह काम करना बंद कर दें तब उस दौरान हमारी साधारण गतिविधियां तक ठप हुए बिना नहीं रहेंगी। बैंकिंग जैसे कारोबार अब पूरी तरह कंप्यूटरीकृत हो चुके हैं। राजमार्गों पर दौड़ते वाहन, समुद्र में चल रहे जलपोत और आसमान में उड़ रहे विमान सभी इंटरनेट संचलित संचार प्रणाली से निर्देशित हैं। जिन उपग्रहों से पूरी संचार व्यवस्था संचालित है वह भी कंप्यूटर पर निर्भर है। और अब तो घर की सफाई से लेकर जटिल शल्य क्रियाओं के लिए भी ए. आई आधारित रोबोट का सहारा लिया जाने लगा है। ये देखते हुए अमेरिका में लगातार दो दिनों में आईं दो तकनीकी खराबियों ने पूरे विश्व को ये चेतावनी दी है कि आगे बढ़ते जाने के साथ ही पुराने ज्ञान और तकनीक को पूरी तरह दरकिनार करना भारी भूल होगी। कोविड नामक महामारी इंसानी क्षमताओं के अधूरेपन को पहले ही साबित कर चुकी है।
- रवीन्द्र वाजपेयी
No comments:
Post a Comment