Thursday, 19 November 2026

तीन दिग्गजों की मुलाकात यूरोप और भारत के लिए चिंता का विषय




वैश्विक स्तर पर मौजूदा उथलपुथल के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों ही रूप में जिम्मेदार दुनिया की तीन बड़ी शक्तियों के नेता चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प आज चीन के शेनझेन में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन के अलावा बातचीत कर रहे हैं । इस बैठक पर पूरी दुनिया की नजर है , क्योंकि 80 वर्ष बाद ये संयोग बना है जब अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर तीन बड़ी शक्तियों के नेता एक साथ बैठकर बात करेंगे। इसके पूर्व 1945 में क्रीमिया के याल्टा शहर में अमेरिका के राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी रूजवेल्ट, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल और सोवियत संघ के नेता जोसेफ स्टालिन ने दूसरे महायुद्ध के उपरांत वैश्विक व्यवस्था की रूपरेखा तय की थी। यद्यपि आज की परिस्थिति तब से सर्वथा अलग है  ।  लेकिन एक समानता ये है कि दुनिया को प्रभावित कर रहे बड़े निर्णयों में चुनिंदा शक्तिशाली देशों की हिस्सेदारी में वृद्धि के साथ ही ये देखने मिल रहा है कि सं .रा.संघ जैसी संस्था को हाशिये पर धकेलकर नेताओं के बीच की आपसी बातचीत  निर्णय प्रक्रिया को प्रभावित कर रही है। लेकिन इस बदलाव से यूरोप और भारत जैसे मध्यम शक्तियों वाले देशों के सामने भी ये सवाल  खड़ा हो सकता है कि नई वैश्विक व्यवस्था में उनकी स्थिति क्या होगी और उनके हितों की रक्षा कैसे होगी? ये प्रश्न इसलिए प्रासंगिक हो उठा है क्योंकि बीते कुछ समय में उक्त तीनों देशों के राष्ट्रपतियों के बीच कई मुलाकातें हो चुकी हैं । बीती मई में ही  बीजिंग में जिनपिंग , ट्रंप और पुतिन  की बातचीत हुई थी। और फिर सितंबर में  वाशिंगटन में ट्रम्प और जिनपिंग मिले वहीं गत वर्ष  अलास्का में ट्रम्प और  पुतिन ने मुलाकात की थी। इन  मुलाकातों से एक कूटनीतिक क्षेत्र में एक नई बात सामने आ रही है। मसलन पहले दुनिया के बड़े मुद्दों पर संयुक्त राष्ट्र जैसी संस्थाओं के अलावा अन्य गठबंधनों और कई देशों की भागीदारी के जरिए बातचीत पर जोर दिया जाता था। लेकिन इन सबको दरकिनार करते हुए अब कुछ बड़े देशों के शीर्ष नेता आपस में  बातचीत करके  बड़े मुद्दों को सुलझाने का प्रयास करने लगे हैं।  ये निष्कर्ष निकालना तो जल्दबाजी होगी कि चीन, रूस और अमेरिका के बीच कोई नया गठबंधन जन्म ले रहा है। क्योंकि  ये तीनों एक-दूसरे के रणनीतिक प्रतिद्वंद्वी हैं। लेकिन वैश्विक मसलों को निपटाने  को लेकर उनके बीच सहमति नजर आने लगी है। सही बात ये है कि वे ऐसी समानांतर  व्यवस्था को आकार देते नजर आ रहे हैं, जिसमें उन्हें फैसले लेने में ज्यादा अधिकार और अहमियत प्राप्त हो सके। इस प्रकार युद्ध, सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता जैसे मुद्दों पर वे पूरी दुनिया को नजरंदाज करते हुए सीधे उच्चस्तरीय बातचीत करना पसंद कर रहे हैं। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि   उनके फैसलों से प्रभावित देशों को क्या  अपनी बात रखने का मौका मिलेगा? इस नई व्यवस्था से सबसे ज्यादा प्रभावित यूरोप होगा क्योंकि   दुनिया का बड़ा आर्थिक और तकनीकी केंद्र होने के बावजूद वैश्विक राजनीति में उसकी सामूहिक भूमिका कमजोर पड़ती दिख रही है। उदाहरण के लिए यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए रूस और अमेरिका में हो रही बातचीत है। हाल ही में  अबू धाबी में तीसरे दौर की जो शांति वार्ता हुई उसमें यूक्रेन तो  था, लेकिन यूरोपीय देशों को दूर रखा गया। हालांकि बाद में अमेरिका ने कहा कि वह चाहता है कि यूरोप भी इस प्रक्रिया का हिस्सा बने। लेकिन यूरोप के साथ दिक्कत ये है कि उसके  तमाम  देशों में आम सहमति न होने के  कारण वह वैश्विक स्तर पर  संयुक्त रणनीति और सामूहिक सोच पैदा नहीं कर पा रहा। भारतीय परिप्रेक्ष्य में भी ट्रम्प, पुतिन और जिनपिंग की यह शिखर वार्ता चिंता का विषय है क्योंकि अमेरिका, चीन और रूस यदि एकजुट हो गए तब भारत अकेला पड़ जाएगा क्योंकि रूस उस स्थिति में हमारे साथ पहले जैसी मजबूती से शायद खड़ा न हो पाए। दो दिन पहले मनीला में क्वाड की बैठक में जो ट्रम्प , रेयर अर्थ पर चीन के वर्चस्व को तोड़ने के लिए भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ साझा मोर्चेबंदी कर रहे थे वे बीजिंग पहुंचे तब प्रोटोकाल तोड़कर जिनपिंग उनकी अगवानी हेतु हवाई अड्डे जा पहुँचे।। उसी तरह पुतिन भी ट्रम्प को खुश करने में लगे हैं जिससे वे यूक्रेन को इस बात के लिए मना लें कि वह रूसी कब्जे वाली जमीन छोड़ दे। ये सब देखते हुए भारत को इन तीन नेताओं की इस मुलाकात पर पैनी नजर रखनी होगी। सही बात ये है की ट्रम्प, पुतिन और जिनपिंग तीनों विस्तारवादी नीतियों पर चलते हुए एक दूसरे को समर्थन दे सकते हैं । सर्वविदित है  अमेरिका ग्रीनलैंड, रूस यूक्रेन के हिस्से और चीन ताइवान पर कब्जा करने के लिए प्रयासरत है। 


- रवीन्द्र वाजपेयी


No comments:

Post a Comment