इस वर्ष के पहले महीने जनवरी में आसमान की ऊंचाई को छूने वाला सोना साल खत्म होने के नजदीक नवंबर में धड़ाम से जमीन पर आ गिरा है। बीते कुछ दिनों में 24 कैरेट सोना एक ही दिन में हजारों रुपये टूटकर 1,25,720 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। दूसरी तरफ कुछ माह पूर्व लाख रु. प्रति किलो का सर्वकालीन स्तर छू चुकी चांदी भी ढलान पर आकर डेढ़ लाख रु. प्रति किलो के इर्द - गिर्द मंडरा रही है। भारत में दीपावली के बाद से शादियों का दौर शुरु हो जाता है जिनमें सोने की जमकर खरीदी होती है। मांग और आपूर्ति के अर्थशास्त्रीय सिद्धांत के मुताबिक इस मौसम में सोने की मांग और कीमत बढ़ने का चलन रहा है। लेकिन हो एकदम विपरीत रहा है। जिससे ग्राहक और सराफा व्यापारी तो हतप्रभ हैं ही लेकिन सोने और चांदी के उछाल मारते दामों के दौरान उनमें भारी - भरकम पैसा लगाने वाले निवेशकों की भी रातों की नींद गायब है। इन कीमती धातुओं के व्यवसाय पर पैनी नजर रखने वाले जानकारों के अनुसार यह गिरावट अचानक नहीं है। पिछले एक महीने में सोना करीब 18,240 रुपये और चांदी करीब 51,190 रुपये टूट चुकी है। स्मरणीय है बीती जनवरी में सोने ने 1,83,000 रुपये और चांदी ने 4,04,500 रुपये प्रति किलो का उच्च स्तर छुआ था जो अभूतपूर्व था। उस ऊंचाई से गिरकर यहाँ तक आ जाना यह बताता है बताती है कि सोने - चाँदी के बाजार में इतनी बड़ी सुनामी जिस तेजी से आई अब उसी तरह लौट भी रही है। इस तेज गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका को माना जा रहा है। आर्थिक विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा आगामी माह दिसंबर में ब्याज दर बढ़ाने की संभावना को इस उथल - पुथल का बड़ा कारण बताया जा रहा है। इसके तात्कालिक परिणाम स्वरूप अमेरिकी डॉलर 19 महीने के उच्च स्तर पर आ पहुंचा। अंतर्राष्ट्रीय व्यापार का यह स्थापित सत्य है जब डॉलर मजबूत होता है और अमेरिकी बॉन्ड पर 5% से अधिक ब्याज मिलता है, निवेशक सोने-चांदी से मुँह मोड़ लेते हैं क्योंकि इन धातुओं में पैसा फंसाने के बाद मुनाफे के लिए बाजार के उतार - चढ़ाव पर निर्भर रहना पड़ता है। इसीलिए इसमें नुकसान की आशंका सदैव बनी रहती है। जबकि बाण्ड में निवेश करने पर सुनिश्चित लाभ की गारंटी होती है। यद्यपि इसके साथ ही ए.आई शेयरों में गिरावट और वैश्विक बाजार में बिकवाली से भी दबाव बढ़ा है। अब सवाल उठ रहा है कि सोने और चांदी की कीमतों में आई कल्पनातीत गिरावट से क्या निष्कर्ष निकाला जाए? इस व्यवसाय का इतिहास बताता है कि सोना कभी एक दिशा में नहीं बढ़ता। उसके बारे में सर्वविदित है कि वह लंबी अवधि में मुद्रास्फीति और आकस्मिक संकट दौर में सुरक्षा प्रदान करता है। इसीलिए दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों ने वर्ष 2026 की तीन तिमाही के दौरान रिकार्ड 675 टन सोना खरीदा है और गोल्ड ईटीएफ में भी अकेले अक्टूबर में 2.7 अरब डॉलर निवेश किये गए। इससे संकेत मिलता है कि बड़े खिलाड़ी इतना सब होने के बाद अभी भी सोने के मोहपाश में जकड़े हुए हैं । लेकिन चांदी का हिस्सा सोने से कुछ अलग है। उसकी कीमतें इसलिए उछाल मारते हुए बादलों के पार चली गईं थी क्योंकि इस धातु की औद्योगिक मांग अप्रत्याशित रूप से बढ़ी थी। लेकिन वर्ष 2026 में मांग 5% घटने की आशंका है। इसके पीछे का कारण सोलर उपकरणों में उसका उपयोग कम हो रहा है। सोने और चांदी की कीमतें गिरने को लेकर आर्थिक विशेषज्ञ सलाह दे रहे हैं कि छोटे निवेशक को हड़बड़ाहट में बिकवाली से बचने के साथ ही लालच में एकमुश्त पैसा भी नहीं लगाना चाहिए। दरअसल बाजार की इस गिरावट का निहितार्थ ये है कि तेजी में हो हल्ला और मंदी में सुई पटक शांति , दोनों ही अस्थायी हैं। धैर्य ही इस समय सबसे बड़ी पूंजी है। भारत जैसे देश में जहाँ सोना और चांदी केवल व्यापार न होकर आम आदमी से जुड़े हैं। ऐसे में पहले इनके दामों का राकेट पर सवार होकर आकाश छूने और फिर धरती पर आ गिरने से कहीं खुशी कहीं गम वाली स्थिति है। आने वाले कुछ महीने भारी अनिश्चितता भरे होंगे। ऊपर से असली सोने की टक्कर का नकली सोना बन जाने की खबरों से घबराहट और बढ़ रही है।
- रवीन्द्र वाजपेयी
No comments:
Post a Comment