उ.प्र विधानसभा का चुनाव फरवरी 2027 में होना है। इस वर्ष वैसे तो अनेक राज्यों में विधानसभा चुनाव होंगे किंतु उ.प्र सर्वाधिक चर्चा में है क्योंकि विधानसभा का ये चुनाव 2029 में होने वाले लोकसभा चुनाव की दिशा तय करने वाला होगा। 2024 में भाजपा को पीछे छोड़कर समाजवादी पार्टी एक बड़ी राजनीतिक ताकत के तौर पर राष्ट्रीय राजनीति में उभरी थी। उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव की हैसियत भी राष्ट्रीय राजनीति में उसके बाद काफी मजबूत हो गई। 2012 में जब वे मुख्यमंत्री बने तब उसमें उनके पिता स्व. मुलायम सिंह यादव का योगदान भी था। बतौर मुख्यमंत्री अखिलेश का काम औसत ही था किंतु जातिवाद और कानून व्यवस्था की खराब स्थिति उन्हें ले डूबी। 2017 में भाजपा को बहुमत मिला तो उसने सबको चौंकाते हुए गोरखपुर के सांसद योगी आदित्यनाथ को उ.प्र की कमान सौंपने का जो दांव चला वह कारगर निकला। सरकार चलाने का अनुभव नहीं होने के बाद भी योगी ने एक कुशल प्रशासक होने का परिचय देते हुए सबसे पहले कानून व्यवस्था सुधारने पर ध्यान दिया और माफिया राज की जड़ें खोदकर उ.प्र की छवि बदल दी। इसका सकारात्मक प्रभाव वैसे तो समाज के सभी वर्गों पर पड़ा किंतु महिलाओं के मन में योगी के प्रति जो सम्मान का भाव पैदा हुआ उसने 2022 में उनकी वापसी तय तय कर दी। लेकिन याेगी केवल कानून व्यवस्था सुधारकर गुंडा राज की समाप्ति तक ही नहीं रुके अपितु उन्होंने बिजली, सड़क जैसे कार्यों पर भी ध्यान दिया। इसी वजह से उ.प्र बीमारू राज्य का कलंक मिटाने में सफल हुआ। माफिया आतंक के सफ़ाये ने उद्योगपतियों को भी आकर्षित किया जिससे राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश होने से पलायन तो रुका ही आर्थिक स्थिति भी सुधर गई। लेकिन इस सबसे ऊपर योगी की छवि एक प्रखर हिन्दू नेता के तौर पर स्थापित हुई। ये कहना गलत नहीं होगा कि वे हिंदुत्व के सबसे बड़े जीवंत प्रतीक हैं और इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनसे पीछे होते जा रहे हैं। और इसी आधार पर राजनीतिक विश्लेषक ये कहने मजबूर हैं कि जनमानस में श्री मोदी के उत्तराधिकारी के तौर पर योगी आदित्यनाथ की स्वीकार्यता ही सबसे ज्यादा है। इन सब बातों के कारण उ.प्र विधानसभा के आगामी चुनाव पर न सिर्फ देश अपितु समूचे विश्व की निगाहें लगी हैं। योगी के साथ ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का भविष्य भी इस चुनाव में दाँव पर है क्योंकि लगातार दो विधानसभा चुनाव हारने के बाद यदि वे तीसरा भी हार गये तब उनका तो सियासी भविष्य अंधकारमय होगा ही पार्टी की भी वही दशा होगी जो शिवसेना, तृणमूल और एनसीपी जैसे दलों की हुई । इसीलिए वे इस चुनाव में बेहद आक्रामक हैं और योगी के साथ ही भाजपा को घेरने का कोई अवसर नहीं छोड़ रहे। इसी के तहत उन्होंने कुछ समय पहले योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा था कि यदि मुख्यमंत्री इतने ही आश्वस्त हैं, तो खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं। उन्हें ऐसा लगा था कि राम मंदिर चंदा चोरी मामले के बाद भाजपा अयोध्या में कमजोर हो गई है। वैसे भी 2024 का लोकसभा चुनाव हारने का दबाव उस पर है। इसलिए अखिलेश ने योगी को चुनौती देकर घेरना चाहा। और जब मुख्यमंत्री ने फौरन जवाब नहीं दिया तब सपा का हौसला और बुलंद हो चला। लेकिन गत दिवस योगी ने न सिर्फ चुनौती स्वीकार की अपितु ये तक कह दिया कि यदि अखिलेश अयोध्या से पर्चा भरते हैं तो वे भी वहीं से नामांकन करेंगे। इसके आगे उन्होंने कहा कि बार-बार ताल ठोकने के बजाय एक बार आमने-सामने मुकाबला हो ही जाए। गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या आस्था की भूमि है और वे वहां विकास के लिए जाते हैं, साथ ही उन्होंने सपा प्रमुख पर सीधे मुकाबले से बचने का आरोप लगाया। योगी की इस जवाबी चुनौती के बाद अब गेंद अखिलेश के पाले में है। उन्होंने जो चुनौती दी उसे तो मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया ही लेकिन सपा अध्यक्ष को आमने - सामने के मुकाबले का न्यौता देकर उन पर दबाव भी बना दिया। निश्चित रूप से इस प्रकार योगी ने अपने मनोबल का संकेत दे दिया। इस जवाबी चुनौती से अखिलेश अब खुद अपने फेंके जाल में फंस चुके हैं। देखना है वे अब क्या जवाब देते हैं?
- रवीन्द्र वाजपेयी
No comments:
Post a Comment