बीते सप्ताह के अंत में दिल्ली वि.वि छात्र संघ के चुनाव बड़ी राजनीतिक खबर बने। इसलिए नहीं क्योंकि भाजपा समर्थित अ. भा. विद्यार्थी परिषद ने अध्यक्ष, सचिव और सह सचिव पद पर जीत हासिल कर ली बल्कि इसलिए क्योंकि इस बार छात्रों के बीच यूजीसी और नीट परीक्षा पेपर लीक से उत्पन्न नाराजगी के चलते केन्द्र सरकार के विरुद्ध जबरदस्त गुस्सा महसूस किया जा रहा था। दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन में जेन जी कहे जाने वाले युवा वर्ग ने जिस प्रकार का रोष व्यक्त किया उसे राजनीतिक पंडितों ने देश में सत्ता परिवर्तन की शुरुआत मानकर जरूरत से ज्यादा महत्व प्रदान किया। इसी के साथ ही आरक्षण विरोधी मुहिम से सवर्ण जातियों में मौजूदा सत्ता प्रतिष्ठान के प्रति बेरुखी का भाव सतह पर तैरता दिखाई देने लगा जो कि भाजपा का परंपरागत समर्थक रहा है । ऐसे में ज्यादातर लोग मानकर चल रहे थे कि केन्द्र सरकार के प्रति युवाओं के मन में बढ़ रहे असंतोष का नुकसान दिल्ली वि. वि चुनाव में विद्यार्थी परिषद को भुगतना पड़ेगा। हालांकि इस बार परिषद ने जिन तीन पदों पर सफलता हासिल की उनमें जीत का अंतर पिछले वर्षों की अपेक्षा काफी कम रहा। उपाध्यक्ष पद पर तो एक निर्दलीय लंबे अंतर से विजयी हुआ । लेकिन इस चुनाव से विद्यार्थी परिषद की मजबूत पकड़ एक बार फिर साबित हो गई । दूसरी ओर कांग्रेस की छात्र इकाई एन. एस. यू. आई अपनी मातृ संस्था की तरह जोश तो खूब दिखाती है लेकिन जीत का हुनर भूल चुकी है। जिसने कमजोर प्रत्याशी उतारकर अपनी हार का रास्ता खोल दिया। उपाध्यक्ष पद पर विजयी छात्र दीपांश शौकीन एन. एस. यू. आई से जुड़ा था और उसका अच्छा खासा प्रभाव भी था किंतु उसे किनारे कर दिया गया। यदि दीपांश पर एन. एस. यू. आई ने भरोसा जताया होता तब पूरा चुनाव पलट सकता था। कांग्रेस नेतृत्व की अधकचरी सोच का एक प्रमाण ये भी है कि प्रत्याशी चयन का काम राहुल गाँधी के खासमखास जे.एन.यू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार को सौंपा गया जो कम्युनिस्ट पार्टी छोड़कर कांग्रेस में आये और आते ही श्री गाँधी ने उन्हें अपनी कोर टीम का हिस्सा बना लिया। उन्हें बेशक जे. एन .यू की छात्र राजनीति का जमीनी अनुभव है जहाँ आज भी वामपंथियों का वर्चस्व बना हुआ है लेकिन दिल्ली वि.वि का माहौल अलग हटकर है जहाँ लंबे समय से विद्यार्थी परिषद ने छात्र संघ पर अपना आधिपत्य कायम रखा है। इस चुनाव में समाजवादी विचारधारा के अलावा वामपंथी छात्र संगठनों के उम्मीदवारों ने भी किस्मत आजमाई । सह सचिव पद पर तो समाजवादी उम्मीदवार ने विद्यार्थी परिषद को टक्कर दी जबकि एन. एस. यू. आई तीसरे स्थान पर खिसक गई। इस चुनाव में वामपंथी संगठनों ने भी कुछ पदों पर हाथ आजमाया किंतु वे भी वोट कटवा की भूमिका से आगे न बढ़ सके। कन्हैया कुमार पूर्व कामरेड होने के नाते यदि वामपंथी उम्मीदवार को एन. एस. यू. आई के पक्ष में बिठा देते तब हो सकता है उसे एक पद तो हासिल हो जाता। लेकिन उन्होंने ऐसा कोई प्रयास नहीं किया। कांग्रेस का भी पूरा ध्यान म.प्र के इंदौर शहर में राहुल गाँधी के गूँज नामक आयोजन पर लगा रहा। कुल मिलाकर एक अच्छा मौका एन. एस. यू. आई के हाथ से निकल गया। स्मरणीय है हाल ही में चंडीगढ़ स्थित पंजाब वि.वि छात्रसंघ चुनाव में भी विद्यार्थी परिषद ने जीत हासिल की थी। इस आधार पर जेन जी का जो गुब्बारा फुलाया गया था वह पहली ही परीक्षा में फूट गया। हालांकि एक वि.वि के चुनाव से राष्ट्रीय राजनीति की भविष्यवाणी करने पर सवाल उठाये जा सकते हैं किंतु दिल्ली वि.वि में विभिन्न राज्यों से आये छात्र अध्ययन करते हैं इसलिए यहाँ की राजनीति पर भी राष्ट्रीय सोच का असर दिखता है। कांग्रेस के लिए बुरी खबर इसके पहले राजस्थान से भी आ चुकी थी जहाँ स्थानीय निकाय चुनाव में तमाम प्रतिकूलताओं के बावजूद भाजपा ने ज्यादातर नगर निगमों पर कब्जा कर लिया जबकि प्रदेश की सवर्ण जातियों में आरक्षण को लेकर भाजपा के विरुद्ध नाराजगी खुलकर सामने आ रही थी। लेकिन इसका लाभ निर्दलीयों को मिला । इससे जाहिर हो गया कि भाजपा से नाराज उसका समर्थक वर्ग अभी भी कांग्रेस पर भरोसा नहीं कर पा रहा। दिल्ली वि.वि छात्र संघ के चुनाव परिणाम राहुल गाँधी के लिए भी विचारणीय हैं जो सब काम छोड़कर युवाओं को आकर्षित करने में जुटे हैं।
- रवीन्द्र वाजपेयी
No comments:
Post a Comment